Bhiwadi News Today: भिवाड़ी में प्रभारी सचिव पूनम का एक्शन, STP निरीक्षण के बाद अधिकारियों को सख्त निर्देश
खैरथल-तिजारा | 29 अप्रैल 2026: भिवाड़ी में बुधवार को जिला प्रभारी सचिव पूनम ने अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निरीक्षण कर कार्यों में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने RIICO अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों को उनकी निर्धारित श्रेणियों के अनुसार ही संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए उन्होंने सभी औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों और प्रबंधन के बीच संवाद बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि औद्योगिक शांति बनी रहे। श्रम विभाग के अनुसार न्यूनतम वेतन संशोधन की प्रक्रिया जारी है, जिससे श्रमिकों को जल्द लाभ मिलने की संभावना है। गर्मी को देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को निर्देश दिए गए कि सभी कार्य शीघ्र पूरे कर आमजन को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। चिकित्सा विभाग को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए अस्पतालों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने, तथा ORS, ग्लूकोज और जरूरी दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। आगामी बारिश को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद भिवाड़ी को ड्रेनेज सिस्टम की सफाई के निर्देश दिए गए, ताकि जलभराव की समस्या से बचा जा सके। इससे पहले प्रभारी सचिव पूनम ने STP का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।रिपोर्टर: मुकेश मीना
