जयपुर पुलिस की नई पहल: QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी बीट अधिकारी से DCP तक की जानकारी
जयपुर, 29 अक्टूबर 2026: जयपुर पुलिस ने आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब नागरिक अपने क्षेत्र की बीट पुलिस से लेकर DCP तक के अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबर QR कोड स्कैन करके आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ (Know Your Police Beat) अभियान के तहत QR कोड आधारित बीट जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने किया लोकार्पण
जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में गुरुवार को पुलिस कमिश्नर श्री सचिन मित्तल ने ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ QR कोड आधारित बीट जागरूकता बोर्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पुलिस बीट के लिए अलग QR कोड निर्धारित किया गया है। संबंधित बीट क्षेत्र में 7 से 10 जागरूकता बोर्ड उपयुक्त स्थानों पर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें।मानसरोवर थाने से होगी अभियान की शुरुआत
इस पहल की शुरुआत प्रारंभिक चरण में मानसरोवर थाना क्षेत्र से की जाएगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में संबंधित बीट के अनुसार जागरूकता बोर्ड लगाए जाएंगे। इससे नागरिकों को अपने क्षेत्र की पुलिस से संपर्क करने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी पुलिस अधिकारियों की जानकारी
बोर्ड पर अंकित QR कोड को मोबाइल से स्कैन करते ही संबंधित बीट का विवरण, पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और संपर्क नंबर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही बीट अधिकारी, थाना प्रभारी (SHO), ACP, अतिरिक्त DCP और DCP के नाम व संपर्क नंबर भी देखे जा सकेंगे। इससे आमजन को संबंधित पुलिस अधिकारियों तक पहुंचने में आसानी होगी। तबादले के बाद भी मिलेगी नवीनतम जानकारी इस व्यवस्था की खास बात यह है कि पुलिस अधिकारियों के स्थानांतरण या पदस्थापन में बदलाव होने पर भी QR कोड स्कैन करने पर नए पदस्थापित अधिकारी का नाम और संपर्क नंबर प्रदर्शित होगा। इससे नागरिकों को पुराने संपर्क विवरण के कारण होने वाली असुविधा से बचने में मदद मिलेगी। जयपुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच संवाद को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है। साथ ही, नागरिकों को अपने क्षेत्र की पुलिस से सीधे जोड़कर पुलिस-जन सहभागिता को मजबूत करना भी इसका प्रमुख लक्ष्य है।कार्यक्रम में मौजूद रहे पुलिस अधिकारी
लोकार्पण कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त श्री ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजय सिंह, श्री प्रदीप मोहन शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह, पुलिस उपायुक्त श्री योगेश गोयल, श्री राजर्षि राज और श्रीमती अनुष्ठा कालिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।