Panchayat Raj election 2026: दौसा में मतदान केंद्रों पर SP कुन्दन कंवरिया की कड़ी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
दौसा। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दौसा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री कुन्दन कंवरिया (IPS) द्वारा विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा इंतजामों और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों की पालना की स्थिति देखी। साथ ही मतदान केंद्रों के आसपास निर्धारित 200 मीटर की परिधि में लागू प्रतिबंधों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। चुनाव ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारी एवं जवान लगातार मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वह बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। दौसा पुलिस की मतदाताओं से अपील पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने, मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान लागू नियमों का पालन करने और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है। दौसा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।