Rajasthan Government: खैरथल में पेयजल शिकायतों के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम शुरू, ADM शिवपाल जाट ने ली समीक्षा बैठक
खैरथल में पेयजल शिकायतों के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम शुरू, ADM शिवपाल जाट ने ली समीक्षा बैठक खैरथल-तिजारा, 9 मार्च। गर्मियों में पेयजल से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए खैरथल जिले में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह जानकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 30 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निपटाया जाए और एवरेज डिस्पोजल टाइम में सुधार किया जाए। पेयजल शिकायतों के लिए 24 घंटे मॉनिटरिंग जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा किशनगढ़बास नया बस स्टैंड के पास अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में कंट्रोल रूम शुरू किया गया है। यह कंट्रोल रूम 1 मार्च 2026 से संचालित हो रहा है और यहां कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि 24 घंटे शिकायतों की मॉनिटरिंग हो सके। आमजन पेयजल संबंधी शिकायतें इन नंबरों पर दर्ज करा सकते हैं: 📞 फोन: 01460-298735 📱 व्हाट्सएप: 7374917525 कंट्रोल रूम के प्रभारी सहायक अभियंता सीताराम सैनी और सह-प्रभारी अशोक कुमार मीणा को नियुक्त किया गया है। अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करें। साथ ही प्रत्येक जिला स्तरीय अधिकारी को प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक लेने के निर्देश दिए गए। बैठक में कई विभागों के अधिकारी मौजूद समीक्षा बैठक में समाज कल्याण, पीएचईडी, पीडब्ल्यूडी, आईटी, कृषि, कोऑपरेटिव, वन, बिजली, शिक्षा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- मुकेश मीणा
