Karauli News: शादी की खुशियां बदली मातम में: करौली के रौंसी गांव में तालाब में डूबने से महिला व दो बच्चों की मौत

20250510 181857 Karauli News
Karauli News: शादी की खुशियां बदली मातम में: करौली के रौंसी गांव में तालाब में डूबने से महिला व दो बच्चों की मौत करौली/राजस्थान: करौली जिले के नादौती उपखंड के रौंसी गांव में एक हृदयविदारक घटना में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार दोपहर को गांव के पास स्थित मेडेंका बांध में डूबने से एक महिला और दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 मई को रौंसी गांव में होने वाली शादी में शामिल होने चंडीगढ़ से बाल्मीकि समाज के कुछ लोग आए थे। रविवार को यह सभी तालाब पर नहाने गए थे, इसी दौरान एक बच्चे का पैर फिसलने से वह पानी में गिर गया। उसे बचाने की कोशिश में अन्य बच्चे भी एक-एक कर तालाब में गिरते चले गए। बच्चों को डूबता देख 30 वर्षीय काजल ने भी छलांग लगा दी, लेकिन किसी को बचा नहीं सकीं। इस हादसे में काजल, उसकी 12 वर्षीय बेटी रानी और 10 वर्षीय विराट पचेरवाल की मौत हो गई। विराट रौंसी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का छात्र था और हाल ही में 5वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। घटना में 18 वर्षीय सोनिया और दीपक घायल हो गए। दीपक ने डूब रहे बच्चों को बचाने की कोशिश की, इस दौरान वह भी घायल हो गया। सोनिया को गंभीर हालत में गंगापुर सिटी रेफर किया गया है, जबकि दीपक का इलाज नादौती अस्पताल में जारी है। ग्रामीणों ने बिना जान की परवाह किए तालाब में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। विजय गुर्जर, पिंटू गुर्जर, शीशराम ठेकेदार, सवाई सिंह और करीब 50 ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया, लेकिन पानी की गहराई (करीब 10-15 फीट) के कारण सफलता नहीं मिली। अंततः लज्जाराम गुर्जर और उनके भतीजे ओमवीर ने हिम्मत दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला और दो की जान बचाई। मुकेश गुर्जर और रामजीत पटेल ने अपने निजी वाहनों से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर तीन लोगों की जान नहीं बचा सके। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया गया कि ये सभी पीड़ित अपनी बुआ के घर शादी में शामिल होने आए थे।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *