Jal Jeevan Mission: खैरथल-तिजारा में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, जल योजनाओं व आयुष्मान आदर्श ग्राम पर फोकस
खैरथल-तिजारा, 3 फरवरी: अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट की अध्यक्षता में जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति तथा जिला स्तरीय आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना समिति की संयुक्त समीक्षा की गई। बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने पिछली जनसुनवाई में प्राप्त परिवादों की स्थिति, बिजली–पानी सहित आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति, केंद्र सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, समीक्षा बैठकों की अनुपालना रिपोर्ट और संपर्क पोर्टल की विभागवार प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आईईसी गतिविधियों के माध्यम से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों तक समय पर लाभ पहुंच सके। जल जीवन मिशन की प्रगति जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में स्वीकृत व प्रस्तावित जल योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। अधीक्षण अभियंता धर्मवीर सिंह ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत 543 ग्रामों में से 504 ग्रामों (1,29,764 जल कनेक्शन) के लिए कार्यादेश जारी हो चुके हैं। इनमें से 94,858 जल कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि 39 ग्राम नॉन-फिजिबल/शहरी श्रेणी में आ गए हैं। जारी कार्यादेशों में 257 ग्रामों में 100% जल कनेक्शन पूरे हो चुके हैं और 93 ग्रामों की योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। इसके अलावा, 317 ग्रामों में कार्य भौतिक रूप से पूर्ण कर 219 ग्राम ‘हर घर जल’ रिपोर्ट तथा 57 ग्राम ‘हर घर जल’ प्रमाणित किए जा चुके हैं। इस पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 के तहत टपूकड़ा शहरी योजना तथा एनसीआर परियोजना के अंतर्गत खैरथल शहर में कार्य प्रगति पर है। आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना जिला स्तरीय आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना समिति की बैठक में सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत बालयाण ने योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना जन-भागीदारी आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने, पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों से स्वास्थ्य संवर्धन तथा स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने पर केंद्रित है। योजना के अंतर्गत जिले की चिन्हित 5 ग्राम पंचायतों में से जो पंचायत 18 सूचकांकों का पूर्ण पालन करेगी, उसे 11 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को 18 सूचकांकों पर समन्वित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। अधिकारी रहे मौजूद बैठक में कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, पीएचईडी अभियंता धर्मवीर यादव, अधिशासी अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, उपनिदेशक पशुपालन विभाग हवा सिंह जाट, सहायक अभियंता बिजली विभाग दिनेश भड़ाना, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी सहित पुलिस, राजीविका, कृषि, वन, शिक्षा व अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: मुकेश मीणा
