Mining News Rajasthan: जिला कलेक्टर के निर्देश पर संयुक्त दल की बड़ी कार्रवाई, 380 टन खनिज जब्त
खैरथल-तिजारा: खैरथल-तिजारा जिले में अवैध खनन को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर गठित उपखंड स्तरीय संयुक्त विभागीय दल ने खनन क्षेत्रों का निरीक्षण किया। खनिज अभियंता मनोज शर्मा के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन के खिलाफ 25 प्रकरण दर्ज किए गए, 380 टन खनिज और 16 मशीनरी जब्त की गई। साथ ही 86 लाख 70 हजार रुपये की राशि आरोपित की गई। 📰 20 फरवरी 2026 को प्रकाशित एक समाचार में जिले में 10 बड़े अवैध खनन स्पॉट और प्रतिदिन 150 से अधिक ट्रकों से अवैध निर्गमन का उल्लेख किया गया था। इस पर खान विभाग द्वारा तथ्यात्मक जांच की गई। संयुक्त दल ने हसनपुर माफी, खरखड़ी चोपानकी और निमली बाघोर सहित विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जहां मौके पर कोई अवैध खनन या अवैध निर्गमन नहीं पाया गया। पुराने अवैध खनन स्थलों के रास्तों को भी खोदकर अवरुद्ध किया गया है। जिले में वर्तमान में 59 स्वीकृत खनन पट्टे प्रभावशील हैं, जहां से खनिज का निर्गमन ई-रवन्ना और ई-टीपी प्रणाली के माध्यम से नियमानुसार किया जा रहा है। 18 फरवरी 2026 को ऑनलाइन पोर्टल के अनुसार 150 वाहनों का वैध निर्गमन दर्ज हुआ। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिदिन 150 से अधिक ट्रकों द्वारा अवैध निर्गमन का दावा भ्रामक और तथ्यों से परे है। 🌱 इसके साथ ही “हरियालो राजस्थान अभियान 2025” के अंतर्गत 10.25 हेक्टेयर क्षेत्र में 6412 पौधों का वृक्षारोपण भी कराया गया है। प्रशासन ने दोहराया कि अवैध खनन के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान उपखंड अधिकारी तिजारा संजीव कुमार वर्मा, एसीएफ संजय चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- रिपोर्टर: मुकेश मीणा
