Lokmata Ahilya Bai Holkar Birth Anniversary: राजस्थान में लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भव्य समारोह, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा नेताओं ने किया संबोधन
जयपुर, 31 मई 2025: राजधानी जयपुर के एंटरटेनमेंट पैराडाइज में पुण्यश्लोक राजमाता अहिल्या बाई होल्कर की 300वीं जयंती पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने लोकमाता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज न केवल भारत की, बल्कि विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है। यह पार्टी एक विचार और दृढ़ विश्वास के साथ आगे बढ़ी है। वहीं कुछ राजनीतिक दल आज भी विचार और नीति के अभाव में दिशाहीन हैं।
सीएम शर्मा ने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर को महिला सशक्तिकरण और न्याय की प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन को सनातन संस्कृति की रक्षा और समाज सुधार को समर्पित किया। उनके धार्मिक और सांस्कृतिक सुधार आज भी भारतीय समाज की नींव में समाहित हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। आज हम दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और जल्द ही तीसरे स्थान पर होंगे।” उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने महिला, युवा, किसान और श्रमिक—इन चार वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा संकल्प पत्र के हर वादे को पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। राजस्थान में आयोजित तिरंगा यात्राएं राष्ट्रीयता की भावना को मजबूत कर रही हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का संबोधन
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने अपने भाषण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर न्यायप्रिय थीं और उन्होंने अपने पुत्र को भी दंडित करने में संकोच नहीं किया।
उन्होंने कहा कि “आज ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश में राष्ट्रवाद और सांस्कृतिक चेतना को नया बल मिला है, और भाजपा ही वह दल है जो महापुरुषों के जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुंचा रही है।”
समारोह में शामिल हुए कई प्रमुख नेता
इस ऐतिहासिक समारोह में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजेंद्र राठौड़, राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, सांसद मंजू शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, प्रेमचंद बैरवा, तथा कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. वासुदेव चावला और सह संयोजक सुमन शर्मा ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का 51—51 किलो की फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृ शक्ति, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।